नवागंतुक जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने संभाला कार्यभार

कोषागार के डबल लॉक में ग्रहण किया चार्ज, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगी प्राथमिकता

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जनपद के नवागंतुक जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने सोमवार, 16 नवंबर 2026 को शासन के निर्देशानुसार कोषागार स्थित डबल लॉक में जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आयुष चौधरी, कोषाधिकारी दिलीप कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यभार संभालने के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था एवं शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।

नवागंतुक जिलाधिकारी ने कहा कि शासन एवं मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के साथ ही उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

Related posts