धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। छात्र-छात्राओं के बहुमुखी विकास के उद्देश्य से खंड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर शशांक मिश्र द्वारा प्रारम्भ की गई अनूठी पहल ‘हर दिन एक्टिविटी’ के अंतर्गत कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय में ‘मिशन शक्ति’ के आलोक में विविध गतिविधियां आयोजित की गई। विद्यालय में कक्षा 8 में अध्ययनरत छात्रा अर्चना वर्मा को ‘एक दिन का वार्डन’ बनाया गया और पूरे दिन की विद्यालयी गतिविधि इन्ही के नेतृत्व में संचालित की गई। सबसे पहले विद्यालय की छात्राओं के मध्य ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ प्रकरण पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
बच्चों ने अनेक भावपूर्ण चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद विद्यालय की बालिकाओं द्वारा ‘बेटियाँ किसी से कम नहीं’ नाटक का सुन्दर एवं भावपूर्ण मंचन किया गया. विद्यालय की वार्डन सीमा मिश्रा एवं शिक्षिकाओं रश्मि सिँह, मनीता यादव, मालती गुप्ता, रीना सिँह, कविता देवी ने गतिविधि के माध्यम बालिकाओं को अग्निशमन, पुलिस, महिला, एम्बुलेंस, चाइल्ड हेल्पलाइन, वूमेन पावरलाइन आदि के नंबरों की जानकारी प्रदान की.’एक दिन की वार्डन, अर्चना वर्मा ने रसोई,
पुस्तकालय, लर्निंग कार्नर, शौचालय, बागवानी आदि का निरीक्षण कर संबंधित को बेहतर तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया. विद्यालय की गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी श्री शशांक मिश्र ने कहा कि “करतूरबा गाँधी विद्यालय की शिक्षिकाओं का कार्य निःसंदेह प्रशंसनीय है। इस तरह की गतिविधियां नियमित रूप से होती रहनी चाहिए।

