धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, अमेठी द्वारा शुक्रवार को जनपद के सरस्वती विद्या मंदिर एवं अमेठी पब्लिक स्कूल में क्षय रोग (टीबी) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस के सचिव धीरेन्द्र कुमार सिंह ने बच्चों एवं अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” तभी संभव है जब समाज जागरूक होकर समय पर जांच और उपचार कराए।
उन्होंने क्षय रोग के प्रमुख लक्षण, जांच की प्रक्रिया, उपचार की उपलब्ध सुविधाओं तथा निक्षय पोषण योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बच्चों को स्वच्छता अपनाने, भोजन से पहले हाथ धोने, पौष्टिक आहार लेने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान टीबी से बचाव एवं इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य अनिल कुमार, ज्ञान देवी, अमित पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

