जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी द्वारा गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन।
वाराणसी, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी संज़ीव शुक्ला की अध्यक्षता में आज गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट, वाराणसी परिसर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आलोक कुमार, अपर जनपद न्यायाधीश द्वारा किया गया तथा शिविर का उद्घाटन माननीय जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में शैलेश कुमार तिवारी (पीठासीन अधिकारी, वाणिज्यिक न्यायालय) चन्द्र प्रकाश तिवारी (पीठासीन अधिकारी, मोटर दावा एवं दुर्घटना अधिकरण, वाराणसी), श्री देवकान्त शुक्ला (अपर जनपद न्यायाधीश-प्रथम), जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार सहित समस्त न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार के मेगा कैम्प विरले ही आयोजित होते हैं, जो प्रायः राष्ट्रीय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह वृहद शिविर विधिक जागरूकता और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार का संगम है, जहां एक ही मंच से लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ वितरण सुनिश्चित किया गया। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 39 (ए) का उल्लेख करते हुए कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से समाज के गरीब एवं असहाय वर्ग को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि “गरीब एवं असहाय होना कोई अपराध नहीं है” और इस प्रकार के शिविर विधिक ज्ञान का दीप प्रज्वलित कर समाज के जरूरतमंद, निर्धन एवं दिव्यांगजनों तक जानकारी पहुंचाने का कार्य करते हैं।

