Varanasi UP…फूलों की होली और ईद मिलन से बनारस ने दिया विश्व शांति का संदेश

फूलों की होली और ईद मिलन से बनारस ने दिया विश्व शांति का संदेश

वाराणसी फर्नीचर एवं फर्नीशिंग व्यापार मंडल की अनूठी पहल, भाईचारे और सौहार्द की मिसाल बना आयोजन।

वाराणसी।जहाँ एक ओर दुनिया के कई देश युद्ध की विभीषिका का सामना कर रहे हैं, वहीं धर्म नगरी काशी से शांति, एकता और भाईचारे का प्रेरणादायक संदेश सामने आया है। वाराणसी फर्नीचर एवं फर्नीशिंग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित संयुक्त ‘होली मिलन’ एवं ‘ईद मिलन’ समारोह ने सामाजिक सौहार्द की एक नई मिसाल पेश की।
इस विशेष आयोजन में व्यापारियों ने फूलों की होली खेली और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ व्यापारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजन प्रभारी प्रकाश सोनेजा ने आगंतुकों का पारंपरिक अंदाज में गांधी टोपी व कलगी पहनाकर स्वागत किया।
संस्था के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने वैश्विक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान समय में विश्व को सबसे अधिक आवश्यकता शांति की है। वहीं महामंत्री रमेश यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की पहल से एक दिन पूरा विश्व शांति के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षकगण सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। लगभग 150 से अधिक व्यापारियों ने इस आयोजन में भाग लिया और बनारसी लस्सी, चाट एवं रात्रि भोज का आनंद लिया।
यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि बनारस की गलियों से पूरे विश्व को शांति और भाईचारे का सशक्त संदेश भी देने में सफल रहा।

Related posts