विश्व पर्यावरण दिवस पर भाविप ने किया यज्ञ, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वाराणसी, भारत विकास परिषद् काशी प्रदेश प्रांत की नीलकंठ शाखा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण हेतु वृहद राष्ट्रभृत्ति यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला आर्य प्रतिनिधि सभा वाराणसी के प्रधान प्रमोद आर्य आर्षेय के आचार्यत्व में हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने यज्ञ को पर्यावरण शुद्धि, स्वास्थ्य संरक्षण और मानसिक शांति का वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक माध्यम बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यज्ञ में प्रयुक्त औषधीय सामग्री वातावरण को शुद्ध करने तथा प्रदूषण कम करने में सहायक होती है।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् के पदाधिकारियों, जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के सदस्यों, ब्रह्मकुमारी शिक्षा संस्थान की शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। बाल संस्कार कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को यज्ञ की महत्ता बताई गई तथा गीता के श्लोकों का अर्थ समझाया गया। अंत में उपस्थित लोगों को प्रसाद एवं शीतल पेय वितरित किए गए।
