समतामूलक उच्च शिक्षा पर छह दिवसीय एफडीपी का शुभारंभ
वाराणसी अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई), वाराणसी एवं रामगढ़ कॉलेज, झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में छह दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) “समतामूलक उच्च शिक्षा : भारतीय ज्ञान परंपरा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता का एकीकरण” का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, भारतीय ज्ञान परंपरा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के शैक्षिक उपयोगों से अवगत कराना है।
रामगढ़ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रत्ना पांडेय ने स्वागत भाषण में भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर बल दिया। प्रथम सत्र में प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने भारतीय ज्ञान प्रणाली की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी ने भारतीय ज्ञान प्रणाली एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मूलभूत सिद्धांतों पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं तथा झारखंड के विभिन्न जिलों में समानांतर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
