Varanasi UP…भिक्षावृत्ति मुक्त वाराणसी के संकल्प को साकार करने पर मंथन

भिक्षावृत्ति मुक्त वाराणसी के संकल्प को साकार करने पर मंथन

दिव्यांगजनों को वितरित किए गए सहायक उपकरण

वाराणसी, अपना घर आश्रम, वाराणसी में रविवार को “भिक्षा वृत्ति मुक्त वाराणसी” विषयक विचार गोष्ठी एवं वयोश्री योजना अंतर्गत दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिक्षावृत्ति उन्मूलन, पुनर्वास, कौशल विकास तथा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओ.एन. उपाध्याय ने की।

विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने भिक्षावृत्ति के कारणों, उसके निवारण, रेस्क्यू एवं पुनर्वास की चुनौतियों, कौशल विकास आधारित पुनर्वास, भारत सरकार की स्माइल परियोजना तथा “भिक्षा वृत्ति मुक्त वाराणसी” की संकल्पना और उसके परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान अनिल जाजोदिया, रवि उपाध्याय, एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक एवं डीन रिसर्च, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दवे, डॉ. के. निरंजन तथा सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष झा ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में सीआरसी द्वारा वयोश्री योजना की जानकारी भी दी गई तथा प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही भिक्षावृत्ति से पुनर्वासित व्यक्तियों एवं विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़े प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि भिक्षावृत्ति उन्मूलन केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात उपस्थित जनों ने अल्पाहार ग्रहण किया।

यह आयोजन अपना घर आश्रम, सामनेघाट-गढ़वाघाट मार्ग स्थित परिसर में सम्पन्न हुआ, जिसमें समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों, दिव्यांगजनों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Related posts