धारा लक्ष्य समाचार
चिलकाना।
शुक्रवार को थाना चिलकाना पुलिस ने ट्यूबवेल से मोटर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नारायणपुर से लालवाला जाने वाले रास्ते से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से चोरी की बिजली मोटर, तांबा और एल्युमिनियम का तार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कई ट्यूबवेलों से मोटर चोरी करने की बात कबूली है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुशर्रफ उर्फ जुल्फा निवासी ग्राम दूधगढ और मोसीन निवासी ग्राम भिलपुरा जिला यमुनानगर हरियाणा हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल पुनीत कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार मौजूद रहे।
